भारत सरकार
Government of India
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय
Ministry of Skill Development and Entrepreneurship

निदेशक की कलम से

Director Photo
श्री रजनीश कुमार झा, आईएसडीएस

निदेशक

केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई), कोलकाता के प्रशिक्षण कैलेंडर 2026–2027 को प्रस्तुत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।

पूर्वी भारत के जीवंत सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) गलियारे के केंद्र, कोलकाता के साल्ट लेक के सेक्टर–V में स्थित केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई) वर्ष 1968 में अपनी स्थापना के बाद से व्यावसायिक शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान रहा है। विगत दशकों में इस संस्थान ने व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की अभिकल्पना, विकास, संशोधन तथा आधुनिकीकरण में अग्रणी भूमिका निभाई है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ये पाठ्यक्रम उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्योग की आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप हो।

प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) के अधीन एक प्रमुख संस्थान के रूप में केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई) ने राष्ट्रीय कौशल अर्हता कार्यढांचा (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को तैयार करते हुए तथा विभिन्न राष्ट्रीय कौशल विकास पहलों के क्रियान्वयन में योगदान देकर भारत के कौशल विकास इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर अपनी भूमिका का विस्तार किया है उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विकास करना, हमारा प्रमुख उद्देश्य रहा है। जिससे रोजगार योग्यता में वृद्धि हो तथा देश की आर्थिक प्रगति को बल मिले।

केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई) व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में अनुसंधान तथा नवाचार हेतु उत्कृष्टता केंद्र के रूप में भी प्रतिष्ठित है। पाठ्यक्रम विकास, उभरते व्यवसायों, प्रशिक्षण पद्धतियों, मूल्यांकन प्रणालियों तथा रोजगारपरक कौशलों से संबंधित अध्ययनों के माध्यम से यह संस्थान प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा नीतिगत निर्माण की प्रक्रिया में साक्ष्य-आधारित सुधार महत्त्वपूर्ण योगदान देता है।

इसके अतिरिक्त, केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई) भारतीय कौशल विकास सेवा (आईएसडीएस) के अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण अकादमी के रूप में भी कार्य करता है। यह संस्थान भारतीय कौशल विकास सेवा के अधिकारियों की नेतृत्व, दक्षता प्रबंधकीय तथा तकनीकी दक्षताओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रवेशकालीन प्रशिक्षण, पेशेवर विकास कार्यक्रमों तथा विशिष्ट क्षमता निर्माण कार्योकमों करता है। इसके माध्यम से देशभर में कौशल विकास संबंधी नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सहायता प्रदान की जाती है।

क्षमता निर्माण केंद्रीय कर्मचारी प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (सीएसटीएआरआई) की प्रमुख कार्यक्षमताओं में से एक है। प्रशिक्षण प्रबंधन, शिक्षण पद्धति, रोजगारपरक कौशल, व्यक्तित्व एवं व्यवहारगत कौशल, डिजिटल शिक्षण तथा अन्य संबद्ध क्षेत्रों में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान अधिकारियों, मुख्य प्रशिक्षकों, प्रशिक्षकों, व्यावसायिक अनुदेशकों एवं प्रशिक्षण प्रबंधकों की क्षमताओं का सतत् संवर्धन करता है। इसके परिणामस्वरूप देशभर में कौशल विकास संबंधी पहलों की गुणवत्ता, प्रभावशीलता एवं परिणामोन्मुखता को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।


इस प्रशिक्षण कैलेंडर में सम्मिलित कार्यक्रम उत्कृष्टता, नवाचार तथा सतत् शिक्षा आर्जन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करते हैं। मैं अधिकारियों, प्रशिक्षकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, प्रशिक्षण संस्थानों तथा सभी हितधारकों से आग्रह करता हूँ कि इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेकर राष्ट्र के कौशल इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने हेतु अपने बहुमूल्य ज्ञान, अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान हैं।


आइए, हम सभी सहयोग, नवाचार एवं समर्पण की भावना के साथ मिलकर ऐसे कुशल, उत्पादक एवं सशक्त कार्यबल का निर्माण करें, जो भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने तथा उपलब्ध अवसरों का समुचित लाभ उठाने में सक्षम हो।


मैं सभी प्रतिभागियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ तथा सीएसटीएआरआई द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उनके सक्रिय एवं सार्थक सहभागिता की अपेक्षा करता हूँ।